उत्तर भारत में बढ़ी सर्दी, हिमालय में बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों तक पहुंचा

Cold wave intensifies in North India, snowfall in the Himalayas impacts the plains

दिल्ली। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों में दिखने लगा है। हवा का रुख उत्तरी होते ही हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में ठंड ने दस्तक दे दी है। कई शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है और सुबह हल्का कोहरा भी छाने लगा है। 

मध्यप्रदेश का राजगढ़ गुरुवार को सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां रात का तापमान 15.6°C दर्ज हुआ। भोपाल का न्यूनतम तापमान 18°C पहुंच गया, जो सामान्य से 2.4° कम है। राजस्थान के सिरोही में भी रात का तापमान 15.2°C दर्ज किया गया। सीकर, पिलानी और अजमेर में तापमान 16-17°C के बीच रहा।

हिमाचल में शून्य से नीचे तापमान, मनाली-लेह हाईवे बंद

हिमाचल प्रदेश में चार दिन की बर्फबारी और बारिश के बाद गुरुवार को मौसम साफ रहा, लेकिन कई जगह बर्फ की मोटी परत जमी है। लाहौल-स्पीति के केलोंग में तापमान -1°C दर्ज किया गया, जबकि मनाली में 7.7°C और शिमला में 9.8°C रहा। मनाली-लेह हाईवे दारचा और सरचू के बीच लगातार चौथे दिन बंद रहा। कोकसर, रोहतांग और कुंजुम टॉप की सड़कों पर बर्फ जमने से यातायात ठप है।

उत्तराखंड में बर्फ से ढके तीर्थ स्थल, दक्षिण में बारिश

उत्तराखंड के चमोली में भारी बर्फबारी हुई, जिससे श्री हेमकुंड साहिब पूरी तरह बर्फ की चादर से ढक गया। केदारनाथ के आसपास के पहाड़ भी सफेद हो गए हैं। वहीं, दक्षिण भारत में कर्नाटक के बेंगलुरु में गुरुवार रात हुई भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया।

मौसम विभाग ने बताया कि मध्यप्रदेश में 14 अक्टूबर से हल्की बारिश की संभावना है। राजस्थान और हरियाणा में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान और नीचे जा सकता है। उत्तर भारत में अब धीरे-धीरे सर्दी का असर बढ़ने लगा है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *