दिल्ली। उत्तर भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली से लेकर बिहार तक ठंड का असर बढ़ता जा रहा है और कई राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे की चादर छाई हुई है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई है। सड़कों और रेलवे ट्रैक पर कोहरे का असर साफ नजर आ रहा है, वहीं हवाई सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, फिलहाल कड़ाके की ठंड का दौर शुरू नहीं हुआ है, लेकिन अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। IMD ने बताया कि हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में शाम के समय मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, हालांकि बारिश की संभावना नहीं है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड के साथ-साथ प्रदूषण ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वायु गुणवत्ता लगातार खराब श्रेणी में बनी हुई है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए ग्रेप-4 के तहत पाबंदियां लागू कर दी गई हैं। बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। IMD के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। IMD ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा में गंभीर शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घने कोहरे का अलर्ट दिया गया है। उत्तर प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का कहना है कि दिसंबर में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा, लेकिन फिलहाल सुबह और शाम ठंड और दोपहर में धूप से राहत का दौर जारी रहेगा।

