रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार सरगुजा, दुर्ग और रायपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है।
बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। अंबिकापुर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां पारा 3.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। पेंड्रारोड में 6.0 डिग्री, बिलासपुर में 10.8 डिग्री, राजनांदगांव में 8.5 डिग्री और दुर्ग में 8.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री और राजधानी रायपुर में 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। विशेषकर बुजुर्गों, बच्चे और बीमार लोग शीतलहर से सतर्क रहें।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बुधवार को सरगुजा और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में शीत लहर बनी रही, वहीं सर्द हवाओं के चलते ठंड का अधिक एहसास हुआ। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान जगदलपुर में 29.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर शहर में 1 जनवरी को सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।

