सराफा कारोबारी से 3.35 करोड़ की लूट: कार को टक्कर मारी, पिस्टल तानकर हथौडा सिर में मारा; 2 किलो सोना लेकर हुए फरार

3.35 crore looted from a bullion trader

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार रात सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। सरकंडा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी पर जानलेवा हमला कर करीब 3 करोड़ 35 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले कारोबारी की कार को टक्कर मारी, फिर पिस्टल तानकर हथौड़े से सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद 2 किलो 200 ग्राम सोना और 3 लाख 50 हजार रुपए नकद समेत कुल 3.35 करोड़ की संपत्ति लेकर फरार हो गए। पूरी घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है।

पीड़ित की पहचान राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी के रूप में हुई है, जिनकी वसंत विहार चौक के पास महालक्ष्मी ज्वेलरी नाम से दुकान है। वे रोज की तरह मंगलवार रात करीब 8.30 बजे दुकान बंद कर गहनों से भरा बैग कार में रखकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे राजकिशोर नगर कॉलोनी के बीएसएनएल ऑफिस गली के तिराहे पर पहुंचे, सामने खड़ी एक सफेद कार ने जानबूझकर उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।

कार से उतरते ही बदमाशों ने विवाद शुरू कर पिस्टल तान दी और मारपीट करने लगे। इसी दौरान बाइक सवार साथी भी मौके पर पहुंच गए। झूमाझटकी के दौरान हथौड़े और पिस्टल के बट से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे संतोष तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाश उनकी कार लेकर मौके से फरार हो गए।

घायल कारोबारी किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों के साथ थाने गए, जिसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके सिर में करीब 50 टांके लगे हैं और हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही IG रामगोपाल गर्ग, CSP और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शहर और आसपास के जिलों में नाकेबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस को मौके से कारतूस और मैगजीन मिली है। शुरुआती जांच में यह वारदात पूरी प्लानिंग के साथ की गई प्रतीत हो रही है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश जारी है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *