लोरमी में संदीप पाठक के खिलाफ प्रदर्शन: घर की दीवार पर लिखा ‘गद्दार’, AAP कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा

रायपुर। मुंगेली जिले के लोरमी में आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रभारी Sandeep Pathak के खिलाफ था, जिन्होंने हाल ही में AAP छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। नाराज कार्यकर्ता उनके गृह ग्राम बटहा पहुंचे और नारेबाजी करते हुए घर की दीवार पर ‘गद्दार’ लिख दिया।

AAP ने इस विरोध की तस्वीरें अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने लिखा कि जिसे ‘थिंक टैंक’ समझा, वह ‘सेप्टिक टैंक’ निकला। इस बयान ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।

संदीप पाठक को AAP का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता रहा है। Arvind Kejriwal के करीबी माने जाने वाले पाठक ने 2016 में राजनीति में कदम रखा था। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति बनाने में अहम भूमिका निभाई। खासकर 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत के पीछे उनकी रणनीति को महत्वपूर्ण माना गया।

छत्तीसगढ़ से जुड़े संदीप पाठक का जन्म मुंगेली जिले के एक साधारण किसान परिवार में हुआ। उन्होंने उच्च शिक्षा हासिल कर यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज से पीएचडी की और बाद में IIT दिल्ली में प्रोफेसर भी रहे। पार्टी में उनकी पकड़ मजबूत थी और उन्हें राज्यसभा सांसद के रूप में भी चुना गया था।

छत्तीसगढ़ में AAP के संगठन को खड़ा करने में भी उनकी अहम भूमिका रही। ऐसे में उनका भाजपा में जाना पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं का गुस्सा इसी बात को दर्शाता है कि पाठक के फैसले से संगठन में असंतोष गहराया है और इसका असर आने वाले समय में राज्य की राजनीति पर भी पड़ सकता है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *