फैक्ट्री से गैस लीक, मालिक की मौत, 60 से ज्यादा लोग बेहोश

 ब्यावर। ब्यावर में एक तेजाब फैक्ट्री के गोदाम से नाइट्रोजन गैस के लीक होने से कंपनी के मालिक की मौत हो गई और 60 से अधिक लोग इसकी चपेट में आ गए। यह घटना सोमवार रात करीब 10 बजे ब्यावर के बाड़िया क्षेत्र स्थित सुनील ट्रेडिंग कंपनी में हुई।

गैस के रिसाव के कारण आसपास के रिहायशी इलाके में भी इसका असर हुआ। लोग सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन महसूस कर रहे थे। कई पालतू जानवरों और आवारा कुत्तों की भी गैस की वजह से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रात 11 बजे तक गैस लीक पर काबू पा लिया। इसके बाद प्रशासन ने फैक्ट्री और आसपास के इलाके को खाली करवा लिया।

फैक्ट्री के मालिक सुनील सिंघल रातभर गैस को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अजमेर रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई। गैस लीक के बाद 60 से अधिक लोगों को दम घुटने और आंखों में जलन की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने फैक्ट्री को बंद कर दिया है और फैक्ट्री से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। कलेक्टर डॉ. महेंद्र खडगावत ने फैक्ट्री को सीज करने के आदेश दिए हैं और पुलिस को तत्काल मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। यह हादसा लिक्विड नाइट्रोजन के रिसाव की वजह से हुआ, जो बहुत ठंडा होने के कारण जानलेवा हो सकता है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *