भाजपा संगठन चुनाव: मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति होगी अब बूथ अध्यक्ष से पूछकर

भाजपा संगठन चुनाव में मंडल अध्यक्ष के लिए हो रही रायशुमारी में वरिष्ठ नेताओं को शामिल नहीं करने को लेकर नाराजगी सामने आई है। दो दिन से प्रदेशभर में जब रायशुमारी शुरू हुई तो पता चला कि मंडल अध्यक्ष के चुनाव के लिए मौजूदा मंडल अध्यक्ष, पिछले कार्यकाल के मंडल अध्यक्ष और बड़े शहरों में पार्षद व छोटे शहरों में महापौर या नगरीय निकाय अध्यक्ष की ही राय ली जा रही है।

शनिवार 7 दिसंबर से हर विधानसभा क्षेत्र में रायशुमारी शुरू होने पर जब वरिष्ठ नेताओं को इस क्राइटेरिया की जानकारी मिली तो उन्होंने नाराजगी जताई। संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारियों को पूरे प्रदेश से नेताओं ने शिकायत की कि इस तरह से तो मौजूदा मंडल अध्यक्ष ही दोबारा काबिज हो जाएंगे और नए नेतृत्व को मौका नहीं मिलेगा।   ज्यादातर जगहों पर मौजूदा मंडल अध्यक्ष विधायकों की पसंद के बने हुए हैं, उनके रिपीट होने पर संगठन की मंशा भी पूरी नहीं हो सकेगी।

भोपाल में पूर्व पार्षद और जिला उपाध्यक्ष रहे आशाराम शर्मा को जब अपने मंडल में रायशुमारी के लिए नहीं बुलाया गया तो उन्होंने महामंत्री भगवानदास सबनानी को मैसेज कर इस प्रक्रिया में बदलाव की मांग की। आशाराम शर्मा ने कहा कि वे मंडल अध्यक्ष नहीं रहे, लेकिन जिला उपाध्यक्ष रहे हैं। पार्षद का पिछला चुनाव हार गए थे। उनकी तरह अन्य नेता भी हैं जो अन्य मोर्चा और प्रकोष्ठ में प्रदेश स्तर के पदाधिकारी हैं। आखिर वे जिस मंडल में निवास करते हैं, वहां तो उनकी राय ली जाना चाहिए। उन्होंने यह सुझाव भी दिया कि जिन मंडल अध्यक्षों को चार वर्ष से अधिक हो गए हैं, उन्हें बदल दिया जाए।

31 दिसंबर तक हो जाएंगे जिलाध्यक्ष के चुनाव

मंडल अध्यक्ष का चुनाव निपटने के तुरंत बाद जिलाध्यक्ष के लिए प्रक्रिया शुरू होगी। इस महीने के अंत यानी 31 दिसंबर तक यह चुनाव हो जाना हैं। 60 साल तक के नेताओं को जिलाध्यक्ष बनाने का क्राइटेरिया तय होने पर सभी जिलों में दावेदारों की संख्या बढ़ गई है। मंडल अध्यक्ष के चुनाव के आधार पर ही जिला अध्यक्ष के समीकरण स्पष्ट होंगे। इसलिए पार्टी में हर स्तर का नेता अपनी पसंद के मंडल अध्यक्ष के चुनाव के लिए जोर लगा रहा है। पार्टी हर तीन जिलों पर एक पर्यवेक्षक बना चुकी है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *