भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड में शुक्रवार देर रात नेशनल हाईवे-719 पर एक भयंकर सड़क हादसा हुआ। गोहद चौराहा थाना अंतर्गत छींमका गांव के पास बस और ईको वैन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री अंदर ही फंस गए। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
गोहद चौराहा थाना प्रभारी मनीष धाकड़ ने बताया कि ईको वैन ग्वालियर से सवारियों को लेकर भिंड की ओर जा रही थी, जबकि बस भिंड से ग्वालियर की ओर। हादसा रात करीब 2.30 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चार लोगों की मौके पर ही मौत हुई। घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से ग्वालियर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
टीआई मनीष धाकड़ के मुताबिक, मृतकों में प्रदीप शिवहरे पुत्र रामप्रकाश, उसका भांजा अतुल शिवहरे और जगदीश भदौरिया निवासी स्योड़ा गांव अकोड़ा शामिल हैं। बाकी मृतकों की शिनाख्त की जा रही है।
घायलों में केतु (10), संतोष (37), मेवाराम (61), रमलाख़न (59), मीरा (61) और सुखवीर (50) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां अंधा मोड़ है और दोनों वाहन तेज रफ्तार में हो सकते हैं।
पुलिस अब परिजनों तक पहुंचने के लिए दस्तावेज और वाहन नंबर के आधार पर जांच कर रही है। सड़क पर फंसे वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।
स्थानीय लोग हादसे की भयावहता देखकर सकते रह गए। घटना ने नेशनल हाईवे पर सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरों पर सवाल खड़ा कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की चेतावनी दी है। पुलिस जांच जारी है और दोनों वाहनों के ड्राइवरों से पूछताछ की जा रही है।

