CG-MSC के SDO की कार में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

CG-MSC के SDO की कार में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (CG-MSC) के एसडीओ की संदिग्ध परिस्थितियों में कार के भीतर लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 43 वर्षीय शोभाराम देवहारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बालोद जिले के निवासी थे और फिलहाल जगदलपुर के कुशवाहा भवन, माड़िया चौक के पास रह रहे थे। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है।

शनिवार 14 फरवरी की सुबह इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने एक कार में उन्हें ड्राइविंग सीट पर बेसुध हालत में देखा। संदेह होने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का लॉक खोलकर शव को बाहर निकाला। जिस वाहन में शव मिला, वह राजनांदगांव पासिंग का बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में कार के अंदर से शराब की बोतल और चखना बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि 13 फरवरी की रात वे कार में बैठकर शराब पी रहे थे। हालांकि शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि मौत हार्ट अटैक से हुई या किसी अन्य कारण से।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना से विभागीय अधिकारियों और परिचितों में शोक का माहौल है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *