छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सड्डू इलाके में रहने वाली 35 साल की शादीशुदा महिला ब्लैकमेलिंग का शिकार हो गई। सोशल मीडिया में चंड़ीगढ़ के युवक से उसकी दोस्ती हुई। युवक महिला से मिलने रायपुर भी आया। इसके बाद महिला के परिजनों के साथ ली गई फोटो सोशल मीडिया में शेयर भी की। वो लगातार महिला से बातचीत करने लगा। पहले उसने इमरजेंसी बताकर महिला से दो लाख लिए।
फिर ब्लैकमेलिंग करने लगा। धीरे-धीरे कर 12.65 लाख रुपए वसूल लिए। महिला ने अलग-अलग किश्त में युवक को पैसे दिए। बाद में महिला ने अपने पति को घटना की पूरी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि महिला की सोशल मीडिया में सात माह पहले एक युवक से दोस्ती हुई। वो दावा करता है कि महिला की कुछ व्यक्तिगत तस्वीरें उसके पास हैं। जो उसे वायरल करने की धमकी दे रहा था। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।