रायपुर। राजधानी समेत पूरे छत्तीसगढ़ में ठंड ने दस्तक दे दी है। रविवार को रायपुर के आउटर इलाकों में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री कम है। यह इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले तीन दिनों में कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम केंद्र रायपुर के अनुसार, इस समय राजधानी में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। लेकिन नवंबर की शुरुआत से ही दिन में हल्की धूप और रात में ठंडक बढ़ने लगी है। मानसून की विदाई के बाद आसमान साफ है, जिससे रात में धरातल की गर्मी तेजी से निकल रही है और पारा नीचे जा रहा है।
रायपुर में हवा की दिशा पिछले सप्ताह से उत्तर-पूर्वी हो गई है, जिससे रात के समय नमी घटने और ठंडक बढ़ने लगी है। सुबह की आर्द्रता 72 प्रतिशत और शाम को 53 प्रतिशत दर्ज की गई है। सतही हवाएं शांत रहने से ठंड और अधिक महसूस की जा रही है।
राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। बिलासपुर में 13.6 डिग्री, दुर्ग में 14.2 डिग्री, राजनांदगांव में 13.8 डिग्री, अंबिकापुर में 11.8 डिग्री और जगदलपुर में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जा सकता है और कई जिलों में कोल्ड वेव जैसी स्थिति बन सकती है।

