कांग्रेस बनाएगी 20 हजार से ज्यादा पंचायत अध्यक्ष, कोर वोट मजबूत करने संगठन का निर्णय

Congress will appoint more than 20,000 Panchayat Presidents, the organization's decision to strengthen the core vote.

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने संगठन को गांव स्तर तक मजबूत करने की नई रणनीति बनाई है। पार्टी पहली बार ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत अध्यक्ष नियुक्त करेगी, जिनका मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठित रखना और पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाना होगा।

नई दिल्ली में हुई कांग्रेस जिलाध्यक्षों की बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी ने पंचायत अध्यक्षों की नियुक्ति जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। इस प्रक्रिया को तेज करने के लिए जिलाध्यक्षों को सीधे नियुक्ति का अधिकार दिया गया है, जिससे संगठनात्मक विस्तार में तेजी आएगी।

इस फैसले का उद्देश्य पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना है, ताकि स्थानीय मुद्दों पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके और पार्टी की पकड़ मजबूत हो। कई क्षेत्रों में संगठन केवल कागजों तक सीमित था, जिसे अब सक्रिय नेटवर्क में बदलने की योजना है। पंचायत अध्यक्ष गांव स्तर पर पार्टी और जनता के बीच संपर्क का मुख्य माध्यम बनेंगे।

नई व्यवस्था के बाद जिलाध्यक्षों की जिम्मेदारी और प्रभाव भी बढ़ गया है। पंचायत से लेकर ब्लॉक स्तर तक संगठन विस्तार का पूरा दायित्व अब उन्हीं पर रहेगा। इससे नेतृत्व में स्पष्टता आएगी और गुटबाजी को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

पार्टी ने संगठन की निगरानी के लिए “कलर कोड सिस्टम” भी लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत जिलाध्यक्षों के प्रदर्शन का मूल्यांकन ग्रीन, येलो और रेड जोन में किया जाएगा। ग्रीन जोन में मजबूत संगठन, येलो में औसत प्रदर्शन और रेड जोन में कमजोर गतिविधि को शामिल किया जाएगा।

पंचायत अध्यक्षों के माध्यम से पार्टी गांव स्तर से राजनीतिक माहौल, जनभावना और सरकारी योजनाओं की स्थिति का फीडबैक भी जुटाएगी। वर्तमान में संगठन संरचना में 41 जिलाध्यक्ष, 307 ब्लॉक अध्यक्ष, 1370 मंडल अध्यक्ष और लगभग 20363 पंचायत अध्यक्ष नियुक्त करने की योजना बनाई गई है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *