बजट सत्र का 7वां दिन- विपक्षी दलों की मीटिंग हुई: सदन की रणनीति बनाई, आज राज्यसभा में बोल सकते हैं पीएम मोदी

बजट सत्र का 7वां दिन- विपक्षी दलों की मीटिंग हुई: सदन की रणनीति बनाई, आज राज्यसभा में बोल सकते हैं पीएम मोदी

दिल्ली। संसद के बजट सत्र के सातवें दिन गुरुवार को कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इससे पहले विपक्षी दलों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में बैठक कर सदन की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे। विपक्ष ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, निलंबित सांसदों के मुद्दे और सरकार के जवाब को लेकर अपनी आगे की रणनीति तय की।

लोकसभा में 2 फरवरी से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा चल रही है। हालांकि पहले दो दिनों में राहुल गांधी के भाषण के दौरान हंगामा हुआ, जिसके बाद लोकसभा स्पीकर ने विपक्ष के 8 सांसदों को निलंबित कर दिया था। इन निलंबनों के विरोध में बुधवार को विपक्षी सांसदों ने लगातार हंगामा किया, जिससे लोकसभा की कार्यवाही चार बार स्थगित करनी पड़ी।

बुधवार शाम 5 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देना था, लेकिन विपक्ष की महिला सांसदों के हंगामे के चलते सदन स्थगित कर दिया गया। इसके कारण प्रधानमंत्री का संबोधन टल गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब प्रधानमंत्री गुरुवार को राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर बोल सकते हैं। ऐसी स्थिति में लोकसभा में उनके जवाब के बिना ही प्रस्ताव पारित होने की संभावना जताई जा रही है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार को प्रधानमंत्री की कुर्सी के पास पहुंचकर विरोध करने वालों में विपक्ष की सांसद वर्षा गायकवाड़ और ज्योतिमणि भी शामिल थीं। इस घटनाक्रम के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और तेज हो गया है।

बजट सत्र कुल 65 दिनों में 30 बैठकों तक चलेगा और 2 अप्रैल को समाप्त होगा। सत्र का पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होगा। लोकसभा में इस समय 9 विधेयक लंबित हैं, जिनमें विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक 2025, प्रतिभूति बाजार संहिता 2025 और संविधान (129वां संशोधन) विधेयक 2024 प्रमुख हैं। ये सभी विधेयक फिलहाल संसदीय समितियों में विचाराधीन हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में सदन में राजनीतिक गर्मी और तेज होने के आसार हैं।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *