महाराष्ट्र में नया मुख्यमंत्री भाजपा के कोटे से होगा। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मंगलवार को राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेंगे। नए CM के पदभार ग्रहण करने तक वे कार्यवाहक CM होंगे। नई दिल्ली में सोमवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजीत पवार के बीच लंबी बातचीत के बाद यह सर्वसम्मत फॉर्मूला तय हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी देवेंद्र फडणवीस को देगी। शिवसेना (शिंदे गुट) और NCP (अजीत गुट) से एक-एक डिप्टी CM होंगे। विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से मुख्यमंत्री पद को लेकर महायुति के तीन में से दो दलों भाजपा और शिवसेना शिंदे में खींचतान चल रही थी। सूत्रों के मुताबिक, महायुति में मुख्यमंत्री पर सहमति के बाद फडणवीस के नाम का ऐलान मंगलवार शाम तक हो सकता है।
वहीं, CM पद से इस्तीफा देने के बाद एकनाथ खुद डिप्टी CM का पद नहीं लेंगे। वे पार्टी के ही किसी विधायक का नाम आगे बढ़ाएंगे। सरकार का एजेंडा तय करने के लिए तीनों दलों की समिति बनाई जा सकती है, जिसके मुखिया एकनाथ शिंदे हो सकते हैं। नए CM की शपथ की तारीख तय नहीं है। विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर तक ही है। दूसरी तरफ सोमवार को उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री में हुई बैठक में आदित्य ठाकरे को संयुक्त विधायक दल यानी दोनों सदनों (विधानसभा और विधानपरिषद) का संयुक्त नेता चुना गया। भास्कर जाधव को विधानसभा में शिवसेना (UBT) के विधायक दल का नेता और सुनील प्रभु को चीफ व्हिप चुना गया।
ढाई-ढाई साल के लिए CM बनेंगे फडणवीस और शिंदे
महाराष्ट्र में भाजपा को अब तक की सबसे बड़ी जीत दिलाने वाले देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार CM बनने जा रहे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक सोर्स ने दैनिक भास्कर को बताया है कि RSS और BJP ने राज्य में सरकार चलाने का फॉर्मूला तय किया है। पहले ढाई साल फडणवीस और अगले ढाई साल शिवसेना चीफ एकनाथ शिंदे CM रहेंगे।
CM पद छोड़ने के बाद फडणवीस को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाएगा। सोर्स के मुताबिक, भाजपा और RSS ने मिलकर फडणवीस की भूमिका तय की है। उन्हें ढाई साल CM बनाने पर भाजपा और शिवसेना में सहमति बन चुकी है। वहीं, फडणवीस को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने पर पार्टी हाईकमान और RSS राजी हैं।