रायपुर में स्टेट GST रेड: लक्ष्मी कमर्शियल और SRS ट्रेडर्स पर छापा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्टेट जीएसटी (State GST) विभाग ने कर चोरी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाहियों में से एक को अंजाम दिया है। विभाग की विशेष टीम ने भैंसथान स्थित अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स में संचालित लक्ष्मी कमर्शियल और एसआरएस ट्रेडर्स के ठिकानों पर दबिश देकर हड़कंप मचा दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, करीब 10 वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने एक सोची-समझी रणनीति के तहत दोनों फर्मों के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह पूरी कार्रवाई जीएसटी चोरी और बड़े पैमाने पर बोगस बिलिंग (फर्जी बिलों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लेना) की पुख्ता शिकायतों के आधार पर की गई है।

भारी मात्रा में आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त

जांच के दौरान जीएसटी की टीम को कई महत्वपूर्ण सफलताएं हाथ लगी हैं। मौके से जब्त किए गए सामान में शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार संबंधित फर्मो द्वारा करोड़ों रुपये के संदिग्ध और फर्जी इनवॉइस, जिनका उपयोग टैक्स चोरी के लिए किया जा रहा था। कच्चा चिट्ठा और बैंक लेनदेन के रिकॉर्ड, जिनमें विसंगतियां पाई गई हैं। कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, ताकि डेटा रिकवरी के जरिए वास्तविक टर्नओवर का पता लगाया जा सके।

करोड़ों की टैक्स चोरी का अनुमान

शुरुआती जांच में अधिकारियों को बड़े पैमाने पर कर चोरी के पुख्ता संकेत मिले हैं। जीएसटी विभाग के सूत्रों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही टैक्स चोरी के वास्तविक आंकड़े का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल, विभाग की कार्रवाई जारी है और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य व्यापारियों पर भी गाज गिरना तय माना जा रहा है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *