महाराष्ट्र के ठाणे में मर्सिडीज कार ने 21 साल के लड़के को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान दर्शन हेगड़े के तौर पर हुई है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि घटना 20 अक्टूबर की रात में हुई।
हादसा तब हुआ, जब दर्शन खाना खरीदने के बाद घर लौट रहे थे। नासिक हाईवे की ओर जा रही मर्सिडीज ने उसे टक्कर मारी और ड्राइवर मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने कार को जब्त कर लिया, लेकिन आरोपी ड्राइवर अब तक फरार है। उसकी पहचान अभिजीत नायर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महाराष्ट्र में 6 महीने में हिट एंड रन का ये चौथा मामला है।
पुलिस ने केस दर्ज किया
पुलिस ने बताया कि नउपाड़ा पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 (2), 281 और 125 (B) और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
यह दुर्घटना महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ठाणे स्थित आवास के पास हुई। पुलिस इलाके के CCTV फुटेज चेक कर रही है। हालांकि, घटना के समय इलाके में कई CCTV कैमरे कथित तौर पर काम नहीं कर रहे थे।
महाराष्ट्र में इस साल यह चौथा हिट एंड रन केस
- इस साल मई में पुणे में एक 17 साल के लड़के ने अपनी पोर्श कार से बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों की मौत हो गई थी। आरोपी नाबालिग शहर के एक बड़े बिल्डर का बेटा था।
- दूसरे केस में 24 साल के मिहिर शाह ने अपनी BMW से मुंबई में एक महिला को टक्कर मार दी थी। हादसे में महिला की मौत हो गई थी। मिहिर शाह शिवसेना नेता का बेटा है।
- 10 अक्टूबर की रात पुणे में ऑडी कार ने फूड डिलीवरी बॉय को टक्कर मार दी थी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी।