दिल्ली। उद्योगपति संजय कपूर के निधन के बाद उनकी संपत्ति और विरासत को लेकर कानूनी विवाद गहराता जा रहा है। इसी कड़ी में अब उनकी पहली शादी और तलाक से जुड़े दस्तावेज भी सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गए हैं। संजय कपूर की दूसरी पत्नी प्रिया कपूर ने वर्ष 2016 में करिश्मा कपूर के साथ हुए तलाक से संबंधित सैटलमेंट के दस्तावेजों की कॉपी मांगी है। इस याचिका पर आज शुक्रवार, 16 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है।
प्रिया कपूर ने यह अपील नवंबर 2025 के आखिरी दिनों में सुप्रीम कोर्ट में दायर की थी। यह याचिका दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा संजय कपूर की वसीयत और संपत्ति से जुड़े मामले में निषेधाज्ञा पर आदेश सुरक्षित रखने से ठीक तीन दिन पहले दाखिल की गई थी। प्रिया कपूर का कहना है कि विरासत से जुड़े विवाद को समझने और अपने कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए उन्हें 2016 के तलाक सैटलमेंट की जानकारी आवश्यक है।
करिश्मा कपूर और संजय कपूर का तलाक 2016 में आपसी सहमति से हुआ था। यह हाई-प्रोफाइल मामला न्यायाधीश के कक्ष में बंद दरवाजों के पीछे निपटाया गया था। तलाक की शर्तें गोपनीय रखी गई थीं और इसकी जानकारी केवल दोनों पक्षों को ही थी। सुप्रीम कोर्ट ने उस समय दोनों की सहमति से तय शर्तों को रिकॉर्ड पर लिया था। समझौते के तहत दोनों बच्चों—समायरा कपूर और कियान कपूर—की कस्टडी करिश्मा कपूर को दी गई थी, जबकि संजय कपूर को बच्चों से मिलने का अधिकार मिला था।
संजय कपूर की जुलाई में हुई मृत्यु के बाद संपत्ति को लेकर विवाद और गहरा गया है। करिश्मा कपूर के बच्चों ने भी इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने प्रिया कपूर द्वारा दिल्ली हाईकोर्ट में पेश की गई वसीयत के डिजिटल रिकॉर्ड में खामियों का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की है। अब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

