IMD ने जारी किया चार राज्यों में कोहरे का अलर्ट, कश्मीर के शोपियां में तापमान माइनस 3.9°

राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत देश के 4 राज्यों के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है। जयपुर में दिन में भी धुंध नजर आई। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए खैरथल-तिजारा जिले के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में 23 नवंबर तक छुट्‌टी कर दी गई है।

मध्यप्रदेश में भोपाल-इंदौर समेत 28 शहरों में टेम्प्रेचर सामान्य से नीचे आ गया। उत्तर भारत के राज्यों दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ में प्रदूषण बढ़ गया है। पंजाब के 5 जिले ऐसे हैं जहां प्रदूषण का स्तर सामान्य से 4 गुना ज्यादा है। दिल्ली और हरियाणा के कई स्कूलों को ऑनलाइन कर दिया गया है।

उधर पहाड़ों में बर्फबारी नहीं होने के बावजूद श्रीनगर में तापमान 0.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। शोपियां देश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां तापमान माइनस 3.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं अनंतनाग में माइनस 3.5 डिग्री, पुलवामा में माइनस 3.4 डिग्री पहुंचा। दक्षिण भारत के राज्यों में ठंड का असर उत्तर भारत के राज्यों से कम है। मौसम विभाग ने यहां बारिश का अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल के अलावा गुरुवार को असम और मेघालय में बारिश का अनुमान है।

राजस्थान में बढ़ी धुंध

राजस्थान में उत्तरी हवा का प्रभाव बढ़ने से तेज हुई सर्दी के साथ धुंध (कुहासा) बढ़ गई है। दिल्ली-NCR और उत्तरी राजस्थान शहरों में धुंध बढ़ने से एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) भी खराब स्थिति में पहुंच गया। जयपुर, भिवाड़ी, सीकर, गंगानगर रेड जोन में आ गए हैं। कल (20 नवंबर) यहां का AQI लेवल 300 के पार दर्ज हुआ।

बिहार में बढ़ी ठंड

बिहार में सुबह और शाम ठंड महसूस होने लगी है। कई जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा रही है। बुधवार को रोहतास का न्यूनतम तापमान सबसे कम 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज यानी गुरुवार को बिहार के कई जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। हालांकि, दिनभर मौसम शुष्क बना रहेगा।

हरियाणा में तापमान पहुंचा 10 डिग्री के नीचे

हरियाणा में ठंड लगातार बढ़ रही है। 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। हिसार में सीजन की सबसे ठंडी रात रही। यहां न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री गिरकर 7.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। 22 और 23 नवंबर को कुछ स्थानों पर कोहरा छाने के आसार हैं। 23 नवंबर को पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ अपना असर दिखा सकता है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *