महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध संबंध के चलते पति ने अपने छोटे भाई के साथ मिलकर पत्नी के प्रेमी वाकेश साहू (27) की हत्या कर दी। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कोसरंगी गांव की है। पुलिस ने हत्या के आरोप में नकूल साहू (33) और उनके छोटे भाई निर्मल साहू (19) को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, नकूल की पत्नी और वाकेश साहू के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वाकेश अक्सर रात में छिपकर नकूल की पत्नी से मिलने आता था। मंगलवार, 3 फरवरी की रात को वाकेश खाना खाकर बहाना बनाकर नकूल की पत्नी से मिलने उसके घर पहुंच गया। नकूल को इसकी भनक लग गई और उसने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
नकूल और वाकेश के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान नकूल का छोटा भाई निर्मल भी वहां पहुंच गया। गुस्से में दोनों भाइयों ने वाकेश के सिर पर डंडे और ईंट से कई वार किए। सिर पर गंभीर चोट और अधिक खून बहने के कारण वाकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बुधवार सुबह वाकेश का शव नकूल के घर के सामने पड़ा मिला। शव के आसपास खून के छींटे और ईंट के टुकड़े देखे गए। मृतक के परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
हत्याकांड के बाद नकूल साहू खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने नकूल और निर्मल के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा और सामाजिक मानदंडों पर सवाल खड़े कर रही है, और स्थानीय लोगों में इसका व्यापक असर देखा गया है।

