एमसीबी। मनेंद्रगढ चिरमिरी भरतपुर जिले के पौड़ी थाना क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 18 लाख रुपए कीमत के 6 किलोग्राम चांदी के जेवरात सहित सोने-चांदी के जेवर, सिक्के, लैपटॉप और मोबाइल समेत कई कीमती सामान बरामद किए हैं। इस मामले में एक युवक और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, 3 फरवरी को पीड़ित सौरभ सरकार ने पौड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात आरोपियों ने रात के समय उनके घर में घुसकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, सिक्के, लैपटॉप और मोबाइल चोरी कर लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में विशेष टीम गठित की।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि केराडोल बस्ती क्षेत्र में राजिम बंसल (18) और दो नाबालिग संदिग्ध हालत में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी की, तीनों आरोपी भागने लगे, लेकिन सतर्कता से उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो सूटकेस, दो लैपटॉप, चार मोबाइल, तीन पीतल की थालियां, सोने-चांदी के जेवर और सिक्के बरामद किए, जिनकी कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपए आंकी गई है।
इसके अलावा केराडोल साजा पहाड़ मुख्य मार्ग के पास छोटी टेकरी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान पुरानी साड़ी में लिपटी एक पोटली मिली, जिसमें प्लास्टिक झोले में रखे नए चांदी के जेवर मिले। तौल करने पर इनका कुल वजन 6 किलो निकला, जिसकी बाजार कीमत करीब 18 लाख रुपए बताई जा रही है।

