खनन परियोजनाओं का हो गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन: सीएम साय

Mining projects should be implemented in a quality-oriented and timely manner: CM Sai

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निधि सलाहकार समिति की 21वीं बैठक आयोजित हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। राज्य में रेयर अर्थ मिनरल्स समेत कई खनिजों के प्रचुर भंडार मौजूद हैं। उन्होंने सभी खनन परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने अवैध खनन और परिवहन पर विशेष टॉस्क फोर्स की निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए आईटी और ड्रोन तकनीक के उपयोग पर भी बल दिया। यह तकनीक अवैध गतिविधियों पर बेहतर और सतत निगरानी सुनिश्चित करेगी।

उन्होंने पीएमकेकेकेवाई के अंतर्गत खनिज 2.0 पोर्टल के माध्यम से कार्यों की प्रगति और व्यय की समीक्षा की। परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिला खनिज न्यास अधिनियम के अंतर्गत राज्य स्तरीय केन्द्रीय कार्यक्रम प्रबंधन ईकाई (सीपीएमयू) की स्थापना कर डीएमएफ कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में परिवहन नेटवर्क के तहत चिरमिरी-नागपुर रेल मार्ग के लिए 328 करोड़ रुपये और छत्तीसगढ़ रेल कॉरीडोर निर्माण के लिए 84.20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।

खनिज विकास निगम लिमिटेड (सीएमडीसी) को विभिन्न परियोजनाओं के विकास हेतु 112.70 करोड़ रुपये और विभागीय कार्य हेतु अतिरिक्त 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।

साथ ही, खनिज ब्लॉकों की नीलामी, खनिज ऑनलाइन 2.0 भुगतान, भौमिकी सर्वेक्षण, अवैध परिवहन पर नियंत्रण और डीएमएफ कार्यों की निगरानी सहित विभागीय कार्यों के लिए 138.17 करोड़ रुपये समिति द्वारा अनुमोदित किए गए।

बैठक में वित्त मंत्री श्री ओ पी चौधरी, मुख्य सचिव विकास शील, वरिष्ठ अधिकारीगण और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नीति और निगरानी प्रणाली के माध्यम से राज्य के खनिज संसाधनों का सतत, सुरक्षित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *