देहरादून। केदारनाथ धाम जाने के लिए हेलिकॉप्टर सेवा इस साल से 9 कंपनियां उपलब्ध कराएंगी। केदारनाथ यात्रा 2025 के लिए ये हेलीकॉप्टर सेवाएं गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से संचालित की जाएंगी।
बुकिंग की प्रक्रिया 8 अप्रैल, 2025 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। केदारनाथ धाम के लिए यह हेली सेवाएं गुप्तकाशी, फाटा व सिरसी से संचालित की जाएंगी। इसके लिए किराया भी निर्धारित कर दिया गया है। गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए 8532 रुपये, फाटा से 6062 रुपये और सिरसी से 6060 रुपये तय किया गया है। इस दौरान यूकाडा के एसीईओ दयानंद सरस्वती ने बताया कि यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं।
सचिव संस्कृति, युगल किशोर पंत ने यात्रा मार्ग पर सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ऊखीमठ में केदारनाथ यात्रा की मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, विद्युत, परिवहन, स्वास्थ्य और आवास व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके साथ ही, सचिव ने केदारनाथ धाम के शीतकालीन गद्दीस्थल की भी पूजा की। इस बीच, प्रशासन की ओर से यात्रा मार्ग पर जरूरी सुविधाओं को बहाल किया जा रहा है ताकि तीर्थयात्री आराम से यात्रा कर सकें।