बिलासपुर में PCC से तय होगा नेता प्रतिपक्ष; पार्षदों और जिला पंचायत सदस्यों से वन टू वन चर्चा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर नगर निगम में भाजपा की तरफ से सभापति पद के लिए जोर-आजमाइश चल रही है, वहीं कांग्रेस में नेता प्रतिपक्ष, उप नेता प्रतिपक्ष और सचेतक के पदों पर औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

मंगलवार को रायपुर के पूर्व महापौर और कांग्रेस पर्यवेक्षक प्रमोद दुबे ने कांग्रेस भवन में पार्षदों से रायशुमारी की। प्रमोद दुबे ने बैठक में बताया कि वे अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेंगे, जिसके बाद सप्ताह भर में नेता प्रतिपक्ष, उप नेता प्रतिपक्ष और सचेतक की घोषणा की जाएगी। बैठक में उन्होंने पार्षदों से कहा कि नगर निगम की राजनीति माउंट एवरेस्ट की तरह चुनौतीपूर्ण होती है, क्योंकि 24 घंटे जनता के बीच रहना पड़ता है। आपके कार्य और व्यवहार का मूल्यांकन जनता करती है, जो आगामी चुनाव में परिणाम तय करता है। प्रमोद दुबे ने कहा कि नगर निगम की राजनीति में जनता से जुड़कर रहना और उनकी समस्याओं का समाधान करना जरूरी है। साथ ही, पार्षदों को अपने वार्डों में विकास के माइलस्टोन बनाने चाहिए।

संगठन के साथ मिलकर वार्डों का विकास करना होगा

कांग्रेस शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि संगठन के साथ मिलकर वार्डों का विकास करना होगा। वहीं, जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने भाजपा की गलत परंपरा पर सवाल उठाया और कहा कि भाजपा निगम में भेदभाव कर सकती है, जिसके खिलाफ संघर्ष करना होगा। इस दौरान पर्यवेक्षक प्रमोद दुबे ने जिला पंचायत सदस्यों से भी चर्चा की और अध्यक्ष प्रत्याशी के लिए उनकी राय ली। बताया जा रहा है कि अध्यक्ष पद का नाम भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी से तय होगा। बैठक में पूर्व विधायक शैलेष पांडेय, महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक और अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *