दिल्ली। उत्तर और मध्य भारत में अगले 36 घंटों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर समेत 9 राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बुधवार से बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदला है। इसके चलते राज्य के 22 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रतलाम सहित कुछ इलाकों में मंगलवार को हल्की बारिश दर्ज की गई। राजस्थान में भी मौसम ने करवट ली है। जयपुर समेत 13 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है। राजधानी जयपुर में सुबह से बारिश और ओले गिरने की खबर है।
हरियाणा के हिसार, रेवाड़ी, फतेहाबाद और महेंद्रगढ़ में बारिश हुई है। राज्य के 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के 13 जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है, जहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं।
पर्वतीय राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 19 और 20 फरवरी को बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है।
इधर, कई मैदानी राज्यों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में गर्मी बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जिससे ठंड और गर्मी दोनों का असर देखने को मिलेगा।

