संभल हिंसा: एक करोड़ की संपत्ति का नुकसान, अफसर बोले उपद्रवियों से वसूलेंगे ये राशि

उत्तर प्रदेश की संभल हिंसा में 1 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान हुआ है। कई कारें, ट्रांसफॉर्मर जलाए गए और CCTV कैमरे भी तोड़े गए। इसकी वसूली उपद्रवियों से की जानी है। यह जानकारी गुरुवार को संभल जिले के SP केके बिश्नोई ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस के पास हिंसा से जुड़े 400 लोगों के फुटेज हैं। इनकी पहचान की जा रही है।

साक्ष्यों के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी। मैं सभी से अपील करता हूं कि वे खुद पुलिस स्टेशन आकर अपराध कबूल करें। पुलिस हिंसा में शामिल लोगों के पोस्टर लगाएगी। संभल में कोर्ट के आदेश पर 24 नवंबर को जामा मस्जिद का सर्वे किया जा रहा था। इस दौरान हिंसा भड़क गई थी, जिसमें गोली लगने से चार युवकों की मौत हो गई थी। हिंसा के 12वें दिन गुरुवार को भी पुलिस ने हिंसा प्रभावित इलाकों में सर्चिंग की। इस दौरान फोरेंसिक टीम को 3 कारतूस, 1 खोखा और दो 12 बोर के मिसफायर कारतूस मिले। ये अमेरिकी कारतूस बताए जा रहे हैं। पुलिस ने 6 दिसंबर से एक दिन पहले जिले में सुरक्षा बढ़ा दी है। इस दिन अयोध्या में बाबरी ढांचे को गिराया गया था। शुक्रवार को जुमे की जमाज भी होनी है।

कांग्रेसियों ने निकाला कैंडल मार्च, बोले- संभल में निहत्थे मुसलमान मारे गए

मुरादाबाद में कांग्रेस ने गुरुवार शाम संभल हिंसा को लेकर कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि ये कैंडल मार्च प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर संभल हिंसा में मरे लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए निकाला गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद ने कहा- संभल में यूपी सरकार ने मुसलमानों पर जुल्म किया है। निहत्थे मुसलमान पुलिस की गोली से मारे गए हैं।

 सांसद डिंपल बोलीं- उप चुनाव में हुई धांधली से ध्यान हटाने के लिए सरकार ने कराई संभल हिंसा

समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा, ‘जब सरकार और प्रशासन खुद दोषी है तो वे जो चाहे रंग दे सकते हैं, क्योंकि वे मुख्यमंत्री हैं। आज उत्तर प्रदेश में सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। संभल की घटना इसलिए अंजाम दी गई ताकि लोगों का ध्यान उपचुनाव के नतीजों और उसमें हुई धांधली से हट जाए। उत्तर प्रदेश के लिए ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस सरकार को जनता ने चुना है वह जनता पर ध्यान नहीं दे रही है।’

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *