महासमुंद की बेटी अंजू प्रधान का नौसेना में चयन

महासमुंद। सरायपाली क्षेत्र के पतेरापाली गांव की बेटी अंजू प्रधान ने नौसेना में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। अंजू की इस सफलता से गांव और शहर में खुशियों की लहर दौड़ गई है। वार्डवासियों ने अंजू का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनकी सफलता पर गर्व जताया।

अंजू प्रधान, नरेश प्रधान और अनीता प्रधान की बेटी हैं। सिर्फ 20 साल की उम्र में अंजू ने यह शानदार सफलता हासिल की है। अंजू ने अपनी 10वीं की पढ़ाई सरायपाली के एक निजी विद्यालय से की और फिर 11वीं और 12वीं की पढ़ाई प्रयास आवासीय विद्यालय, बिलासपुर से की। वर्तमान में अंजू रायपुर के शासकीय नागार्जुन महाविद्यालय साइंस कॉलेज में बीएससी गणित की पढ़ाई कर रही थीं।

पढ़ाई के साथ-साथ वे बीते दो सालों से नौसेना में चयन के लिए कठिन मेहनत कर रही थीं। रायपुर में आयोजित नौसेना भर्ती में केवल गणित विषय के छात्रों को शामिल होने का मौका मिला था। अंजू ने यह परीक्षा कक्षा 12वीं के आधार पर दी और कंप्यूटर के माध्यम से रायपुर में इस परीक्षा को पास किया। इसके बाद उनका फिजिकल टेस्ट विशाखापट्टनम में हुआ। अंजू की मेहनत और लगन ने उन्हें इस सफलता तक पहुँचाया है। उनके इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरे पतेरापाली और सरायपाली क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अंजू की सफलता ने क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रेरित किया है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *