कड़ाके की ठंड का अलर्ट: यूपी और चार राज्यों में शीतलहर का प्रभाव बढ़ा

Thunderstorms and rain are predicted in Rajasthan, while fog and cold weather will affect Uttar Pradesh and Uttarakhand.

दिल्ली। नवंबर के मध्य में देश के कई राज्यों में ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है। सुबह और शाम का तापमान लगातार गिर रहा है और दिन में हल्की धूप में भी ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और झारखंड में 15-16 नवंबर के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ न्यूनतम तापमान सामान्य से कई डिग्री कम रह सकता है।

मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल और माहे के कुछ हिस्सों में 16 नवंबर तक भारी बारिश का अलर्ट दिया है। इसके साथ ही 16-18 नवंबर तक आंध्र प्रदेश और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है। अगले 24 घंटे में उत्तर भारत में तापमान में अधिक गिरावट नहीं होगी, लेकिन इसके बाद कई जगहों पर यह 3-4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बर्फबारी का नजारा भी देखने को मिला है।

दिल्ली में ठंड के साथ प्रदूषण का स्तर भी चिंता का विषय बन गया है। राजधानी और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 410 के पार पहुंच गया है। बढ़ती ठंड के कारण प्रदूषण और अधिक बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में शीतलहर का असर तेज हवाओं, कोहरे और धुंध के रूप में दिखाई देगा। लखनऊ, मेरठ और मुजफ्फरनगर में तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से कम रहने की संभावना है। कानपुर, बरेली, अयोध्या और बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

उत्तर प्रदेश और झारखंड में शीतलहर का असर बिहार में भी महसूस होगा। राज्य के कई हिस्सों में कोहरा छा सकता है और तापमान में अचानक गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड में और इजाफा होगा। नागरिकों को ठंड और मौसम के अचानक बदलने के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *