राजधानी सहित राज्य के ज्यादातर इलाकों में आ रही नमी अब धीरे-धीरे कम होने लगी है। हिमालय की तराई से उत्तरी हवाओं का बहाव शुरू हो गया है। इससे रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। राजधानी में अगले 24 घंटे के दौरान यानी सोमवार को मौसम साफ हो जाएगा। इससे रात का तापमान कम होगा और ठंड बढ़ेगी।
राजधानी में रविवार को सुबह आसमान में बादल रहे। इस वजह से वातावरण ठंडा रहा। इस दौरान हवा में नमी 76 फीसदी तक थी। दिन चढ़ने के साथ नमी कम हुई। दोपहर ढाई बजे अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा है। दोपहर बाद मौसम साफ होने के कारण रात में वातावरण शुष्क होने लगा। इससे पिछले दिनों की अपेक्षा हल्की ठंड महसूस हुई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि सोमवार मंगलवार से राजधानी में मौसम पूरी तरह साफ होने लगेगा। रात के तापमान में क्रमिक रूप से 2 से चार डिग्री की गिरावट आएगी। इस तरह तापमान में गिरावट बढ़ने से एक बार फिर ठंड महसूस होने लगेगी।