मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा, 25 छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
रायपुर। दुर्गा महाविद्यालय, रायपुर में वार्षिक खेलकूद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन 7 फरवरी 2026 को किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा रहे। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार ने की।
कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत अष्ट सिद्धि नवनिधि के दाता हनुमान जी की प्रतिमा के माल्यार्पण एवं पूजन से हुई। इसके पश्चात राजकीय गीत अरपा पैरी की धार का सामूहिक गायन किया गया। मुख्य अतिथि का स्वागत प्राचार्य डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार एवं उप प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्हें शाल, श्रीफल एवं महाविद्यालय की ओर से प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। छात्र परिषद प्रभारी डॉ. अजय शर्मा, क्रीड़ा अधिकारी प्यारेलाल साहू तथा डॉ. अमन झा ने भी अतिथि सत्कार किया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार ने कहा कि यह महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है कि छत्तीसगढ़ी मूल के श्री रूपनारायण सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हैं। उन्होंने विजेता छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथि रूपनारायण सिन्हा ने अपने संबोधन में मातृभूमि को सर्वोच्च बताते हुए कहा कि जैसे हम विभिन्न पर्व मनाते हैं, वैसे ही राष्ट्र पर्वों को भी पूरे उत्साह से मनाना चाहिए। उन्होंने जीवन की तुलना खेल से करते हुए कहा—खेल में जीत मिले तो घमंड न करें और हार मिले तो फिर से उठकर आगे बढ़ें।
कार्यक्रम के दौरान क्रीड़ा समिति अध्यक्ष डॉ. सुभाष चन्द्राकर ने मुख्य अतिथि का परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक एवं योग आयोग अध्यक्ष के रूप में उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर वर्ष 2024 एवं 2025 में राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले करीब 25 छात्र-छात्राओं को मोमेंटो, ट्रैक सूट एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 2 एवं 3 फरवरी 2026 को आयोजित इंडोर व आउटडोर प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। अंत में क्रीड़ा अधिकारी श्री प्यारेलाल साहू ने आभार प्रदर्शन किया।

