छत्तीसगढ़ में जगदलपुर-रायपुर रूट पर चल रही फ्लाइट सुविधा कल (28 अक्टूबर) से बंद हो रही है। बताया जा रहा है कि यात्री नहीं मिलने के कारण विमान कंपनी को नुकसान हो रहा था। इसे देखते हुए इंडिगो प्रबंधन ने यह फैसला लिया है। वहीं कल से ही अब पुणे और चेन्नई के लिए रोज फ्लाइट शुरू हो रही है।
रायपुर के लिए फ्लाइट सप्ताह में 4 दिन सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को उड़ान भरती थी। फ्लाइट हैदराबाद-जगदलपुर और जगदलपुर-रायपुर, फिर रायपुर-जगदलपुर और जगदलपुर-हैदराबाद के लिए चलती थी। इंडिगो को रायपुर के लिए 60 प्रतिशत यात्री ही मिल रहे थे। हालांकि हैदराबाद, जबलपुर, बिलासपुर और दिल्ली के लिए कंपनी सेवाएं जारी रखेगी।
अभी पुणे-चेन्नई के लिए 4 दिन ही थी फ्लाइट
अब तक इंडिगो सप्ताह में चार दिन ही उड़ान का संचालन कर रही थी। इसमें चेन्नई-रायपुर- पुणे-रायपुर-चेन्नई के लिए सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को उड़ान का संचालन हो रहा था। DGCA से अनुमति मिलने के बाद कंपनी ने टिकटों की बिक्री शुरू कर दी है।
विंटर शेड्यूल और त्योहारी सीजन के साथ ही चेन्नई और पुणे के लिए रोजाना फ्लाइट मिलने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। प्रदेश के हवाई यात्री लंबे समय से चेन्नई और पुणे के लिए नियमित उड़ान की मांग कर रहे थे। 27 अक्टूबर के लिए चेन्नई-रायपुर का किराया 15 हजार और रायपुर-चेन्नई का 5100 रुपए में उपलब्ध है।
आखिरी दिन जगदलपुर से 73, रायपुर से 68 यात्रियों ने किया सफर
शुक्रवार 25 अक्टूबर को इंडिगो ने जगदलपुर से रायपुर के लिए अपनी आखिरी उड़ान भरी थी। इस फ्लाइट से हैदराबाद से 68 पैसेंजर जगदलपुर पहुंचे और यहां से 74 यात्री रायपुर के लिए रवाना हुए। वहीं रायपुर से 66 यात्री जगदलपुर आए और यहां से 62 यात्री हैदराबाद के लिए रवाना हुए थे। इंडिगो ने रायपुर रूट पर इसी साल से अपनी सेवा शुरू की थी। शुरुआत में काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा था। लोगों को भी उम्मीद थी कि इंडिगो अब लंबे समय तक अपनी सेवा देगी, लेकिन पिछले 7 महीने में सिर्फ 60 से 68 प्रतिशत कारोबार रहा है। जिसके चलते कंपनी ने सेवा बंद करने का निर्णय लिया है।