होली और जुमा पर 4 राज्यों में हिंसा; बिहार में एसआई की मौत, झारखंड-पंजाब और बंगाल में उत्पात

दिल्ली। शुक्रवार को होली और जुमा के मौके पर देश के 4 राज्यों में हिंसक घटनाएं हुईं। बिहार के मुंगेर में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई, वहीं झारखंड, पंजाब और पश्चिम बंगाल में भी उपद्रव की घटनाएं सामने आईं।

पटना में दो गुटों में होलिका दहन का विवाद होली के दिन पथराव तक पहुंच गया। पुलिस की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। यहां फायरिंग की भी खबर है। झारखंड के गिरिडीह में होली के दिन दो गुटों में पथराव के बाद उपद्रवियों ने दुकानों और बाइक में आग लगा दी। विवाद किस बात को लेकर था, यह साफ नहीं हो पाया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

 मुंगेर में ASI की हत्या

बिहार के मुंगेर जिले में शुक्रवार को दो पक्षों के विवाद को सुलझाने गए एएसआई संतोष कुमार पर हमला किया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। संतोष कुमार को धारदार हथियार से मारा गया था।

 पटना में पथराव और हिंसा

पटना के सहनौरा गांव में होलिका दहन को लेकर दो गुटों में पथराव हुआ। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को मौके से खदेड़ा गया और पुलिस की गाड़ी पर भी पत्थर फेंके गए। इसके अलावा, कई वाहनों में तोड़फोड़ की भी जानकारी मिली है।

 गिरिडीह में दो गुटों के बीच हिंसा

झारखंड के गिरिडीह जिले में होली के दिन दो गुटों के बीच पथराव हुआ। इस दौरान दुकानों में आग लगा दी गई और एक बाइक भी जलाकर राख कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद किस मुद्दे को लेकर हुआ था।

 लुधियाना में दो गुटों के बीच झड़प

पंजाब के लुधियाना में होली और जुमा के दिन दो समुदायों के बीच पथराव हुआ। इस हिंसा में 11 लोग घायल हुए हैं और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पत्थरबाजी का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में 35 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

 नंदीग्राम में मूर्ति तोड़ने का आरोप

पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में भाजपा ने मूर्ति तोड़ने का आरोप लगाया है। भाजपा ने सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें भी पोस्ट की हैं। इसके अलावा, बीरभूम जिले में इंटरनेट सेवा को 17 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है ताकि अफवाहें न फैलें। इन घटनाओं के बाद राज्यों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस इन घटनाओं की जांच कर रही है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *