छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज: रायपुर और कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट

Day temperature rises in Chhattisgarh, Raipur hottest, Ambikapur coldest

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज मौसम करवट लेने वाला है। कई जिलों में बादल गरजने-चमकने के साथ बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में 1 अक्टूबर को निम्न दाब बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से नए महीने की शुरुआत बारिश के साथ हो सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग और बस्तर संभाग के अधिकांश स्थानों में वर्षा हुई, जबकि कुछ इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई। दुर्ग में सबसे अधिक तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और पेण्ड्रा रोड में सबसे कम 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सिनोप्टिक सिस्टम के अनुसार, दक्षिण तटीय उड़ीसा के ऊपर एक अवदाब है, जो पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। यह क्रमिक रूप से कमजोर होने की संभावना रखता है। इसके साथ ही एक द्रोणिका दक्षिण उड़ीसा से गोवा, तेलंगाना और उत्तर अंदरूनी कर्नाटक तक फैली हुई है। वहीं, 30 सितंबर को उत्तर अंडमान सागर में एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उभरने की संभावना है। इसका असर 1 अक्टूबर से प्रदेश में वर्षा गतिविधि बढ़ाने वाला है।

आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग ने बालोद, राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवा के साथ मध्यम वर्षा की संभावना है।

इसके अलावा, सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवा और वर्षा की संभावना है। राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। तापमान 24 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *