माई दंतेश्वरी की धरती से अमित शाह के हाथों महतारी वंदन की 20वीं किस्त का लाभ मिलेगा महिलाओं को

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 4 अक्टूबर को माई दंतेश्वरी की धरती जगदलपुर में बस्तर दशहरा एवं मुरिया दरबार के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की 64,94,768 लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में 606.94 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष अंतरण किया जाएगा।

महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को हुई थी। इसका उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के तहत 21 वर्ष से अधिक आयु की सभी विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इससे महिलाएं अपनी घरेलू जरूरतें पूरी कर सकती हैं और समाज में सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के साथ जीवन यापन कर सकती हैं।

अब तक इस योजना के तहत 19 किस्तों में महिलाओं के बैंक खातों में कुल 12,376.19 करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित किए जा चुके हैं। इस प्रक्रिया ने न केवल वित्तीय पारदर्शिता को सुनिश्चित किया है, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में भी क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री  अमित शाह के हाथों जारी होने वाली 20वीं किस्त के 606.94 करोड़ रुपये के अंतरण के बाद, महतारी वंदन योजना का कुल वित्तीय आंकड़ा 12,983.13 करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ सरकार की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। राज्य की लाखों महिलाएं इस योजना के माध्यम से प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त कर रही हैं और यह पहल उन्हें आत्मनिर्भर और समाज में सम्मानपूर्ण जीवन जीने में सक्षम बनाती है।

इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, वित्तीय समावेशन और सामाजिक न्याय की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार की दृढ़ नीतियों की भी पुष्टि होती है। महतारी वंदन योजना राज्य की महिलाओं के जीवन में स्थायी बदलाव लाने वाली महत्वपूर्ण योजना के रूप में उभरी है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *