राजस्थान में आज भी रेतीले तूफान का अलर्ट: बारिश-आंधी से उत्तर भारत को मिली गर्मी से राहत

Sandstorm Alert Remains in Rajasthan Today: North India Finds Relief from the Heat Amidst Rain and Gusty Winds

 दिल्ली। उत्तर भारत के कई राज्यों में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बारिश व तेज आंधी के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि राजस्थान के कई जिलों में रेतीले तूफान ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के कुछ इलाकों में रेतीले तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

शनिवार दोपहर राजस्थान के श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और सीकर जिलों में तेज रेतीला तूफान आया। इसकी शुरुआत हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर से हुई, जिसके बाद करीब 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया। 56 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया और दृश्यता काफी कम हो गई।

पंजाब और हरियाणा में भी मौसम का असर देखने को मिला। कई क्षेत्रों में हुई बारिश से अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। चंडीगढ़ में 18.2 मिमी बारिश हुई और अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 14 डिग्री कम था।

उत्तर प्रदेश के बहराइच, मुजफ्फरनगर, लखीमपुर खीरी, नजीबाबाद और मेरठ में 3 से 18 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ में बारिश नहीं हुई, लेकिन तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम था। वहीं मुरादाबाद प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

झारखंड की राजधानी रांची में भी खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर पड़ा। एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने के कारण चार उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *