मुंबई। टीवी रियलिटी शो MTV Splitsvilla की कंटेस्टेंट Preet Singh ने मुंबई के एक क्लब में अपने साथ मारपीट होने का दावा किया है। प्रीत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर बताया कि इस घटना में उनका दांत टूट गया और आंखों में गंभीर सूजन आ गई। वीडियो में उनके चेहरे पर चोट के निशान साफ नजर आ रहे हैं।
प्रीत ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि उन्होंने हमेशा सुना था कि मुंबई महिलाओं के लिए सुरक्षित शहरों में से एक है, लेकिन उनके साथ जो हुआ, उसने उन्हें हिला दिया। उन्होंने कहा कि वह अब भी सदमे में हैं और घटना को समझने की कोशिश कर रही हैं।
अपने बयान में प्रीत ने बताया कि वह एक दोस्त के साथ क्लब में बैठी थीं, तभी एक लड़की अचानक उनके पास आई और सवाल करने लगी कि उन्हें अंदर आने की अनुमति कैसे मिली। पहले यह विवाद बहस तक सीमित था, लेकिन बाद में उस लड़की के एक पुरुष दोस्त ने बीच में आकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रीत के मुताबिक, हमले में उन्हें इतनी जोर से मारा गया कि उनका दांत टूट गया और चेहरा सूज गया।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। बाद में प्रीत को पता चला कि विवाद करने वाली लड़की खुद को एक इन्फ्लुएंसर बताती है, हालांकि उन्होंने उसका नाम उजागर नहीं किया।
इस घटना पर स्प्लिट्सविला 16 के अन्य कंटेस्टेंट्स ने भी प्रतिक्रिया दी है। कई साथियों ने इसे चौंकाने वाला बताया और प्रीत का हौसला बढ़ाया। फिलहाल, इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।

