छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी: अगले 2-3 दिन लू का अलर्ट, रायपुर में 15 दिन से पारा 40 पार

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। पिछले 15 दिनों से लगातार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 2 से 3 दिनों तक हालात ऐसे ही बने रहेंगे।

रविवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर बिलासपुर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.6°C दर्ज किया गया। इसके बाद रायपुर दूसरे स्थान पर रहा, जहां पारा 44.2°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। दुर्ग, अंबिकापुर और पेंड्रारोड में भी तापमान 40°C के पार रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण का असर छत्तीसगढ़ पर पड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले दो दिनों तक लू चलने की संभावना है, इसके बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।

प्रदेश के गर्म शहरों में राजनांदगांव भी शामिल है, जहां पिछले 15 दिनों में से 9 दिन सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। यहां 25 अप्रैल को पारा 45.5°C तक पहुंच गया था।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक सीधी धूप से बचने की सलाह दी है। पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की हिदायत दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 28 अप्रैल के बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से धूलभरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि फिलहाल लोगों को तेज गर्मी और लू से सतर्क रहने की जरूरत है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *