बायजूस के फाउंडर बायजू रविंद्रन को 6 महीने की जेल

Byju's founder Byju Raveendran sentenced to 6 months in jail

दिल्ली। बायजूस के फाउंडर बायजू रविंद्रन को सिंगापुर की अदालत ने 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है। कोर्ट ने उन्हें संपत्ति से जुड़े जरूरी दस्तावेज छिपाने और अदालत के आदेशों की अनदेखी करने का दोषी पाया है। अदालत ने इसे कोर्ट की अवमानना माना है।

सिंगापुर कोर्ट के अनुसार, अप्रैल 2024 से रविंद्रन को कई बार अपनी संपत्तियों और निवेश से जुड़ी जानकारी देने के आदेश दिए गए थे, लेकिन उन्होंने लगातार अदालत के निर्देशों का पालन नहीं किया। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराते हुए तुरंत अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का आदेश दिया है।

अदालत ने सजा के साथ रविंद्रन पर 90 हजार सिंगापुर डॉलर यानी करीब 67 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। यह राशि उन्हें कानूनी खर्च के तौर पर चुकानी होगी। इसके अलावा कोर्ट ने उन्हें ‘BR Investco Pte’ नाम की कॉरपोरेट इकाई की कानूनी मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज भी जमा करने को कहा है।

यह मामला कतर इनवेस्टमेंट अथॉरिटी की एक सहयोगी कंपनी की शिकायत पर दर्ज हुआ था। QIA ने उस समय बायजूस में निवेश किया था, जब कंपनी आर्थिक संकट और कर्मचारियों की छंटनी से गुजर रही थी। कोर्ट में कतर होल्डिंग्स की ओर से ‘ड्रू एंड नेपियर’ लॉ फर्म ने पैरवी की।

रविंद्रन इस समय दुनियाभर में कई कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं। अमेरिका में भी निवेशक और लेंडर्स उनसे 1.2 बिलियन डॉलर यानी करीब 11 हजार करोड़ रुपए के लोन की वसूली के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।

गौरतलब है कि रविंद्रन ने ‘थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम से कंपनी शुरू की थी, जो बाद में BYJU’S के नाम से देश की सबसे बड़ी एडटेक कंपनियों में शामिल हुई। कभी भारतीय स्टार्टअप जगत की सबसे बड़ी सफलता मानी जाने वाली कंपनी अब गंभीर आर्थिक और कानूनी संकट से जूझ रही है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *