नागपुर हिंसा: मास्टरमाइंड फहीम समेत 84 गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर एक्शन

नागपुर।  नागपुर में हुई हिंसा में अब तक 84 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें आठ विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ता भी शामिल हैं। इस हिंसा का मास्टरमाइंड फहीम शमीम खान को पुलिस ने गिरफ्तार किया। बुधवार को 69 गिरफ्तारियों की बात की गई थी, लेकिन बाद में संख्या बढ़कर 84 हो गई।

सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, यह चेतावनी महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने दी। उन्होंने कहा,

“दंगाइयों को पुलिस का डर दिखाया जाएगा, और कोई भी दोषी नहीं बचेगा।”

हिंसा में 33 पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें तीन डीसीपी रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं। दंगाइयों ने वाहनों में तोड़फोड़, पेट्रोल बम फेंके, और घरों पर हमला किया। नागपुर में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कर्फ्यू लगाया गया है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में कहा कि जलाई गई चादर पर कुरान की आयत नहीं थी, जैसा कि अफवाह फैलाया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस और सरकार की कार्रवाई स्पष्ट है, और जानबूझकर हिंसा फैलाने वालों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। इस हिंसा का आरंभ सोमवार को एक विवादित घटना से हुआ, जब विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने औरंगजेब की प्रतीकात्मक कब्र को जलाया। इसके बाद माहौल गरमाया और नागपुर में हिंसा फैल गई।

वहीं, छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज और भाजपा सांसद उदयनराजे भोंसले ने औरंगजेब की कब्र को ढहाने की मांग की, जिसका मुख्यमंत्री फडणवीस ने समर्थन किया। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, और पुलिस हिंसा के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *