हरियाणा में रिकॉर्ड तीसरी बार भाजपा सरकार, नायब विजयादशमी पर शपथ लेंगे

हरियाणा में भाजपा 48 सीटें जीतकर रिकॉर्ड तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। राज्य में अब तक किसी राजनीतिक दल ने लगातार 3 बार सरकार नहीं बनाई है। जीत का सेहरा बंधा चुनाव से 200 दिन पहले मुख्यमंत्री बनाए गए नायब सिंह सैनी के सिर।

चुनाव से पहले ही तय था कि पार्टी जीती तो अगले सीएम नायब ही होंगे। बताया जा रहा है कि उनका शपथ ग्रहण 12 अक्टूबर को विजय दशमी पर होगा। हरियाणा में भूपेंद्र हुड्डा की अगुआई में लड़ रही कांग्रेस 37 सीटें हासिल कर पाई।

एग्जिट पोल में कांग्रेस सरकार का अनुमान, सारे पोल फेल

आखिरी फेज की वोटिंग के बाद 5 अक्टूबर को एग्जिट पोल्स आए। भास्कर रिपोर्टर्स सर्वे के अलावा 12 सर्वे एजेंसियों ने हरियाणा के लिए पोल किए। सभी पोल्स में कांग्रेस की सरकार का अनुमान लगाया गया। एक पोल में कांग्रेस को 59 सीटें मिलने के आसार थे, लेकिन नतीजों में सारे पोल फेल हो गए। 90 सीटों वाली हरियाणा विधानसभा में भाजपा 48 सीटें हासिल कर सत्ता में पहुंची।

हरियाणा में भाजपा की रिकॉर्ड जीत, 3 मास्टर स्ट्रोक

भाजपा ने चुनाव में राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से 48 पर जीत दर्ज की। भाजपा की इस हैट्रिक के पीछे कई फैक्टर रहे। पार्टी ने लोगों के गुस्से से निपटने के लिए 4 मंत्रियों समेत अपने एक तिहाई MLA के टिकट काट दिए थे। 2019 में उसके जो 23 चेहरे जीत नहीं पाए थे, इस बार उनकी जगह नए लोगों को मौका दिया गया और उनमें से 12 विजयी रहे।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *