चेन्नई। चेन्नई में हिट-एंड-रन का एक और हाई प्रोफाइल मामला सामने आया है। चेन्नई में राज्यसभा सांसद की बेटी ने फुटपाथ पर सो रहे एक व्यक्ति के ऊपर अपनी BMW कार चढ़ा दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सांसद की बेटी को थाने से ही जमानत दे दी गई।
घटना सोमवार रात (17 जून) की है। आरोपी की पहचान YSR कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद बीडा मस्तान राव की बेटी माधुरी के रूप में की गई है। मृतक की पहचान 24 साल के सूर्या के रूप में हुई है। वह पेंटिग का काम करता था। उसकी आठ महीने पहले ही शादी हुई थी। हादसे के बाद पुलिस ने माधुरी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन थाने से ही उन्हें जमानत मिल गई। मृतक के रिश्तेदार और कॉलोनी के लोगों ने जे-5 शास्त्री नगर पुलिस स्टेशन में जमा होकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कौन हैं सांसद बीडा मस्तान राव
बीडा मस्तान राव आंध्र प्रदेश के नेता और बड़े बिजनेसमैन हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबकि, वे 165 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति के मालिक हैं। बीडा मस्तान की कंपनी BMR ग्रुप सी-फूड इंडस्ट्री में एक जाना-माना नाम है। मस्तान राव 2009 से 2019 तक TDP में रहे। इस दौरान 2009 से 2014 तक आंध्र प्रदेश के कवाली सीट से विधायक रहे। उन्होंने 2019 में YSRCP जॉइन की। वे 2022 में YSRCP से राज्यसभा सांसद बने।