बिल्हा-बलौदाबाजार रोड पर आधी रात ईंटों की बारिश, ट्रक मकान में घुसा; कई घायल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बिल्हा-बलौदाबाजार रोड पर सोमवार देर रात सनसनीखेज घटना सामने आई। ग्राम झाल के पास गुजर रहे वाहनों पर अचानक ईंट-पत्थरों की बारिश होने लगी। अंधेरे का फायदा उठाकर शरारती तत्व मौके से फरार हो गए, जबकि इस हमले में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और लोग घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, बलौदाबाजार निवासी अनवर अली अपने 14 चक्का ट्रक में सीमेंट लोड कर बिलासपुर की ओर आ रहे थे। रात करीब 12:30 बजे जैसे ही उनका ट्रक झाल गांव के पास पहुंचा, अज्ञात लोगों ने अचानक ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस हमले से चालक सोनू सरोज घबरा गया और संतुलन खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक रॉन्ग साइड जाकर एक निर्माणाधीन मकान में जा घुसा, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।

घटना यहीं नहीं रुकी। पीछे आ रहे मेटाडोर और स्कॉर्पियो को भी निशाना बनाया गया। ईंटें लगने से दोनों वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गए। इन वाहनों में सवार यात्रियों और चालकों को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस का मानना है कि यह वारदात लूट की नीयत से की गई हो सकती है। अक्सर सुनसान सड़कों पर बदमाश वाहन रोकने या दुर्घटनाग्रस्त करने के लिए इस तरह की पत्थरबाजी करते हैं, ताकि बाद में लूटपाट को अंजाम दिया जा सके।

इस घटना में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, वहीं मकान को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *