बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से देश की राजधानी दिल्ली के लिए हवाई सफर अब और आसान होने जा रहा है। बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से 3 मई से नाइट फ्लाइट सेवा शुरू होने जा रही है। करीब 5 साल बाद शुरू हो रही यह सुविधा क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देगी।
एलायंस एयर की यह फ्लाइट हर रविवार संचालित होगी। शेड्यूल के मुताबिक, विमान शाम 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगा और 6:45 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। यह फ्लाइट करीब 2 घंटे 40 मिनट में रात 9:25 बजे दिल्ली पहुंच जाएगी। खास बात यह है कि यह पहली बार है जब इस एयरपोर्ट से नाइट लैंडिंग और टेकऑफ की सुविधा शुरू हो रही है।
दरअसल, बिलासपुर एयरपोर्ट को 6 फरवरी 2026 को नाइट लैंडिंग का लाइसेंस मिला था। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने इसे 3C-VFR से अपग्रेड कर 3C-IFR श्रेणी में शामिल किया है। इसके लिए वर्ष 2022 से लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
इस नई सेवा से यात्रियों को बड़ा फायदा मिलेगा। अब लोग दिनभर अपना काम निपटाकर शाम को आराम से यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा खासतौर पर व्यापारियों, सरकारी अधिकारियों और कामकाजी लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। साथ ही, शाम के समय तापमान कम होने से विमान बिना वजन की बाधा के पूरी क्षमता के साथ उड़ान भर सकेगा।
हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति ने इस पहल का स्वागत करते हुए मांग की है कि रविवार के साथ-साथ सप्ताह में एक और दिन, खासकर बुधवार को भी दिल्ली के लिए सीधी उड़ान शुरू की जाए। इससे क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी।

