अब LPG का झंझट खत्म! रायपुर में पाइप से पहुंचेगी गैस

No More LPG Hassles! Gas to be Delivered via Pipelines in Raipur;

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अब जल्द ही घर-घर पाइप के जरिए प्राकृतिक गैस (PNG) पहुंचने की सुविधा शुरू होने जा रही है। इससे लोगों को एलपीजी सिलेंडर के झंझट से राहत मिलेगी। इस परियोजना के लिए हरियाणा सिटी गैस कंपनी को पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा अधिकृत किया गया है और जल्द ही शहर में पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू होगा।

फिलहाल यह योजना प्रारंभिक चरण में है। गैस पाइपलाइन डालने से पहले संबंधित कंपनी को नगर निगम से एनओसी लेना होगा और तय शुल्क जमा करना होगा। इस परियोजना का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजना के तहत शहरवासियों को सुरक्षित और सुगम गैस आपूर्ति उपलब्ध कराना है।

इस संबंध में निगम आयुक्त विश्वदीप ने गांधी सदन में बैठक लेकर अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में हरियाणा सिटी गैस एजेंसी के प्रतिनिधि राकेश रंजन सहित नगर निगम के सभी जोन कमिश्नर मौजूद रहे।

निगम आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान शहर की पेयजल पाइपलाइन को किसी भी स्थिति में नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। साथ ही जहां-जहां सड़कों की खुदाई होगी, वहां तुरंत मरम्मत कर नागरिकों को असुविधा से बचाना होगा।

गर्मी के मौसम को देखते हुए भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। अधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया है।

इस योजना के लागू होने के बाद न केवल गैस की उपलब्धता आसान होगी, बल्कि यह पर्यावरण के लिहाज से भी बेहतर विकल्प साबित होगा। शहर में आधुनिक गैस नेटवर्क की शुरुआत से विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *