रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में काले हिरण संरक्षण के जिक्र और जनगणना को लेकर दिए गए बयान पर तीखा हमला बोला है। बघेल ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण विषय पर सरकार की नीयत पर संदेह होता है।
बघेल ने काले हिरण के मुद्दे पर तंज कसते हुए कहा, “जिसने काले हिरण का शिकार किया, प्रधानमंत्री उनके साथ पतंग उड़ाते हैं और अब संरक्षण की बात करते हैं।” उनका इशारा अभिनेता सलमान खान की ओर था। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहले से ही हिरणों का संरक्षण किया जा रहा है और यहां उनकी कोई कमी नहीं है।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ में काले हिरणों की वापसी को जैव विविधता की बड़ी उपलब्धि बताया था। उन्होंने कहा था कि यह स्थानीय प्रयासों और संरक्षण की सफलता का प्रतीक है।
जनगणना को लेकर बघेल ने कहा कि 2021 की जनगणना अब तक लंबित है, जबकि सरकार अन्य सर्वेक्षण करवा रही है। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे बड़े कार्य में देरी और नई प्रक्रिया को लेकर सरकार की नीयत पर सवाल उठते हैं।
वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से जनगणना 2027 को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी और लोग खुद भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
काले हिरण संरक्षण की बात करें तो छत्तीसगढ़ के बारनवापारा अभयारण्य में इनके पुनर्वास के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। दिल्ली और बिलासपुर से लाकर हिरणों को बसाया गया, जिससे अब उनकी संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।