दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में अब तक का सबसे भीषण हमला सामने आया है। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई शहरों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमला किया।
यूक्रेन का दावा है कि रूस ने एक ही रात में करीब 600 ड्रोन और 90 मिसाइलें दागीं। इस हमले में रूस ने पहली बार खुले तौर पर ‘ओरेश्निक’ हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल के इस्तेमाल की पुष्टि की है, जो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम मानी जाती है।
हमले के बाद कीव में कई जगह जोरदार धमाके हुए और आसमान में आग के विशाल गुबार दिखाई दिए। पूरी रात राजधानी में सायरन बजते रहे। लोग जान बचाने के लिए मेट्रो स्टेशनों और बंकरों में छिपने को मजबूर हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई इमारतों को जलते हुए देखा गया।
यूक्रेनी मीडिया के मुताबिक, कीव के लुकिआनिवस्का मेट्रो स्टेशन के पास स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और स्थानीय बाजार पूरी तरह तबाह हो गए। इसके अलावा कई रिहायशी मकान, स्कूल, कैफे और व्यावसायिक इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। हमले में कम से कम 4 लोगों की मौत हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि यह कार्रवाई रूस के भीतर नागरिक ठिकानों पर हुए यूक्रेनी “आतंकी हमलों” के जवाब में की गई है। रूस ने दावा किया कि हमले का निशाना सैन्य और रणनीतिक ठिकाने थे।
रूस द्वारा परमाणु-सक्षम हाइपरसोनिक मिसाइल के इस्तेमाल के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है। फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron और European Union ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई है।

