दिल्ली। पश्चिम बंगाल के हावड़ा में कुख्यात बदमाश और रंगदारी गैंग चलाने वाले आरोपी आकाश सिंह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस ने आरोपी को दाढ़ी-मूंछ मुंडवाकर कच्छा-बनियान में शहर की सड़कों पर घुमाया और कई पुराने अपराध स्थलों पर ले जाकर क्राइम रिकंस्ट्रक्शन कराया।
आकाश सिंह पर पुलिस अधिकारी पर गोली चलाने, रंगदारी वसूली करने और हावड़ा में कई आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के आरोप हैं। कुछ दिन पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पुलिस उसे मालीपांचघरा और गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में लेकर पहुंची, जहां उसने कथित तौर पर कई वारदातों को अंजाम दिया था।
रविवार को हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी केवल कच्छा और बनियान में नजर आया। उसके बाल और दाढ़ी भी कटे हुए थे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उसे शहर के कई हिस्सों में घुमाया गया। इससे पहले शुक्रवार को जब पुलिस उसे घटनास्थलों पर लेकर गई थी, तब वह हाफ पैंट और टी-शर्ट में दिखाई दिया था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, क्राइम रिकंस्ट्रक्शन का मकसद यह समझना था कि आरोपी ने अपराध की योजना कैसे बनाई, किन लोगों की मदद ली और वारदात को कैसे अंजाम दिया। पुलिस अब उसके गैंग से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पुराने लंबित मामलों की दोबारा जांच में जुटी है।
हावड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चा तेज है। कई लोग इसे अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग आरोपी को सार्वजनिक रूप से इस तरह घुमाने पर सवाल भी उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी हुई है।

