वैष्णो देवी भवन के पास लैंडस्लाइड, 2 महिला श्रद्धालुओं की मौत, 1 घायल

जम्मू में माता वैष्णो देवी भवन मार्ग पर सांझी छत के करीब पंछी हेलीपैड के पास अचानक लैंडस्लाइड की खबर है। इस लैंडस्लाइड में वहां बनी शेड को नुकसान पहुंचा है। मलबे में कई श्रद्धालुओं के फंसे होने की आशंका जतायी जा रही है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार कम से कम दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1 व्यक्ति घायल बताया जा रहा है।

बता दें कि जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन हुआ है। जम्मू में माता वैष्णो देवी मंदिर सहित कई इलाकों में पिछले दो दिन में भारी बारिश हुई है, जिसकी वजह से यह लैंडस्लाइड हुआ है। इस हादसे में मृतक दोनों महिलाएं हैं। जिनमें से एक का नाम सपना पत्नी सुदर्शन है, जो गुरदासपुर, पंजाब की रहने वाली हैं। दूसरी महिला का नाम नेहा पत्नी अमित कुमार है, जो कानपुर उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। लैंडस्लाइड के कारण हिमकोटी ट्रैक पर यात्रा बाधित है। हालांकि, पुराने सांझी छत ट्रैक पर यात्रा बिना किसी रुकावट के जारी है। घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार दिया गया है। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की तरफ से राहत और बचाव कार्य जारी है।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *