दिल्ली। MasterChef India के पहले सीजन की विनर और मशहूर सेलिब्रिटी शेफ पंकज भदौरिया इस समय जिंदगी की सबसे कठिन लड़ाई लड़ रही हैं। पंकज भदौरिया ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर कर बताया कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर हो गया है। इस खबर के सामने आते ही उनके फैंस और टीवी इंडस्ट्री में चिंता की लहर दौड़ गई है।
28 मई को पंकज ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अस्पताल से कुछ तस्वीरें और वीडियो साझा किए। तस्वीरों में वह अस्पताल के बेड पर लेटी नजर आईं, जबकि शरीर पर मेडिकल वायर लगी हुई दिखाई दीं। हमेशा मुस्कुराती रहने वाली पंकज को इस हालत में देखकर फैंस बेहद भावुक हो गए।
अपने पोस्ट में पंकज भदौरिया ने लिखा, “मुझे ब्रेस्ट कैंसर का पता चला है। मुझे इस समय आपकी प्रार्थनाओं और सपोर्ट की बहुत जरूरत है।” इसके अलावा उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह मेडिकल जांच के लिए जाती दिखाई दीं। वीडियो पर उन्होंने लिखा, “जांच के लिए जा रही हूं, बिल्कुल खुश नहीं हूं।”
पंकज ने अपने फॉलोअर्स को परिवार बताते हुए कहा कि वह अपनी जिंदगी की इतनी बड़ी बात उनसे छिपाना नहीं चाहती थीं। उन्होंने लोगों से दुआ करने की अपील की है।
16 साल तक टीचर रही पंकज
साल 2010 से पहले पंकज लखनऊ के एक स्कूल में अंग्रेजी की शिक्षिका थीं। करीब 16 साल तक टीचर रहने के बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर मास्टरशेफ इंडिया में हिस्सा लिया और अपनी शानदार कुकिंग से विजेता बनीं। इसके बाद उन्होंने कई लोकप्रिय कुकिंग शो होस्ट किए और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी बड़ी पहचान बनाई।
