दिल्ली। आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालीफायर-2 में जगह बना ली।
न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर मैच का रुख बदल दिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने तूफानी शुरुआत दिलाई। वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।
उन्होंने 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर IPL प्लेऑफ इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड भी बनाया। वैभव ने अपनी पारी में चौकों और छक्कों की बारिश कर दी। राजस्थान ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 243 रन बनाए।
244 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत खराब रही। टीम लगातार दबाव में नजर आई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। नितिश कुमार रेड्डी ने 38 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि ईशान किसन ने 33 रन बनाए। पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई।

