दिल्ली। आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर तीसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। मोहाली के न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतकीय पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 214 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और यशस्वी जायसवाल सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 96 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चौकों और छक्कों की बारिश कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रवींद्र जडेजा ने नाबाद 45 रन और डोनोवन फरेरा ने सिर्फ 11 गेंदों में नाबाद 38 रन की तेजतर्रार पारी खेली। गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट लिए।
गुजरात टाइटंस ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की
215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। कप्तान शुभमन गिल ने 53 गेंदों पर 104 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनके साथ साई सुदर्शन ने 58 रन बनाकर महत्वपूर्ण साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने राजस्थान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
गुजरात ने 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 219 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा को एक-एक विकेट मिला। इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब 31 मई को खिताबी मुकाबले में गुजरात का सामना बेंगलुरु से होगा।

